अबोहर में छात्र के गले में रस्सी डालकर घसीटा:नगदी छीनकर फरार; विरोध करने पर डंडों से पीटा, फीस जमा करने गया था

अबोहर में बस स्टैंड पर एक छात्र पर कुछ लोगों ने हमला कर उससे बुरी तरह से मारपीट की और उसके पास मौजूद हजारों रुपए लूट लिए। घायल को अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। फिलहाल मामले की सूचना पुलिस को दी गई। लोगों का कहना है कि स्थानीय बस स्टैंड पर पुलिस चौकी न होने के कारण आए दिन यहां पर लूटपाट और मारपीट की घटनाएं हो रही है। घायल छात्र की पहचान गांव बजीतपुर कट्टियांवाली निवासी नरेंद्र के रूप में हुई है। बस से उतरते ही किया हमला अबोहर के सरकारी अस्पताल में भर्ती नरेन्द्र कुमार पुत्र हेतराम ने बताया कि वह मीरा कॉलेज में जीएनएम का छात्र है। जबकि उसका बड़ा भाई रमन गांव में ही किराना की दुकान चलाता है। कल वह घर से अपनी फीस और दुकान के सामान के पैसे लेकर पहले कॉलेज आया और वहां पर फीस जमा करवाने के बाद शहर से दुकान का सामान लेने आया। उसने बताया कि जैसे ही वह बस स्टैंड पर बस से उतारा तो उसके ही गांव के 4 युवकों ने उसे घेर लिया और उसे डंडों से पीटते हुए बुरी तरह से घायल कर दिया। नगदी छीनकर हुए फरार छात्र ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसके पास मौजूद नगदी छीनने का प्रयास किया और उसके द्वारा विरोध करने पर हमलावरों ने उसके गले में रस्सी डालकर उसे काफी दूर तक घसीटा और बाद में उसके पास से नगदी छीनकर फरार हो गए। इसके बाद उसे लोगों ने अस्पताल में दाखिल करवाया। मामले की जांच में जुटी पुलिस इस मामले में एएसआई सतपाल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उसे युवक के बयान लेने के लिए पुलिस गई थी। लेकिन वह बेड पर नहीं मिला। जिसके कारण जांच का विषय अभी अधूरा है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *