अबोहर में तेल के टैंकर ने रॉन्ग साइड से आई बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा हनुमानगढ़ रोड ओवर ब्रिज पर हुआ। मृतक की पहचान कीकरखेड़ा गांव निवासी मनपिंद्र के रूप में हुई है। घटना देर शाम की है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतक का सिर गंभीर रूप से चोटिल हुआ। हादसे के बाद टैंकर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही नर सेवा नारायण सेवा समिति के सेवादार बिट्टू नरूला और सोनू ग्रोवर मौके पर पहुंचे। उन्होंने थाना नंबर 2 की पुलिस को सूचित किया। पुलिस अधिकारी प्रोमिला सिधू की मौजूदगी में मृतक की जेब से मिले पहचान पत्र से उसकी पहचान की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है। टैंकर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।


