पंजाब के अबोहर में ट्रैक्टर-ट्राली ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे 3 बच्चे घायल हो गए। बच्चे स्कूटी पर सवार होकर आज सुबह मिडिल स्कूल में पेपर देने जा रहे थे। हादसा अजीत नगर के पास हुआ, जिसमें प्रिंस, उसकी बहन अर्शदीप और सिमरन गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया। अर्शदीप के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे सीटी स्कैन के लिए रेफर कर दिया। प्रिंस और सिमरन का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है। कुछ दिन पहले इनके पिता की भी मौत हो चुकी है। उनकी मां मजदूरी करके बच्चों का पालन-पोषण कर रही है। उन्होंने पुलिस से ट्राली चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि अभी तक उन्हें घटना की औपचारिक सूचना नहीं मिली है। अस्पताल से पंचनामा रिपोर्ट मिलते ही ट्राली चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


