फाजिल्का में अबोहर के गांव पटी सदीक निवासी एक महिला के साथ उसके पति ने मारपीट की। पति को महिला के चरित्र पर शक होने के चलते उसने लाठी से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया। जब बचाव में बच्चे आए तो उनसे भी मारपीट की। महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां डॉक्टरों के अनुसार उसके सिर पर आठ टांके लगे हैं। उपचाराधीन राजविंदर कौर पत्नी पूर्ण सिंह आयु करीब 30 साल ने बताया कि उसकी शादी करीब 16 साल पहले हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। उसका पति दिहाड़ी मजदूरी करता है और अक्सर उसके चरित्र पर शक करता है। कल भी उसके पति ने उसके पास मोबाइल फोन होने की बात कहते हुए उसके सिर में लाठी से हमला कर घायल कर दिया। जिसके बाद वह इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती हुई। महिला ने बताया कि उसका पति इससे पहले भी कई बार मारपीट कर चुका है, जिसकी शिकायत उसने खुईयां सरवर पुलिस को दी है। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इधर मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।


