अबोहर में मोबाइल झपटने के आरोप में दो युवकों को पकड़ लिया है। आरोपी नई आबादी इलाके में एक युवक से मोबाइल छीनकर भाग रहे थे, जिन्हें स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया। राजीव नगर गली नंबर 8 निवासी पाटन यादव पुत्र गुरसाइते ने पुलिस को बताया कि 22 फरवरी को नई आबादी गली नंबर 9 में दो व्यक्तियों ने उनका मोबाइल छीन लिया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों झपटमारों को मौके पर ही पकड़ लिया। आरोपियों को कोर्ट ने रिमांड पर भेजा थाना सिटी 2 के प्रभारी मनिंदर सिंह ने जानकारी दी कि मोबाइल झपटने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने नई आबादी निवासी गौरव उर्फ गोली पुत्र रत्न लाल और आशीष कुमार पुत्र मुलायम सिंह को हिरासत में ले लिया। उनके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है। एसएचओ मनिंदर सिंह ने बताया कि गौरव के खिलाफ पहले भी झपटमारी के दो मामले दर्ज हैं, जबकि आशीष कुमार के खिलाफ मारपीट का एक मामला दर्ज है। पुलिस दोनों आरोपियों से घटना के संबंध में और उनके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड को लेकर गहनता से पूछताछ कर रही है।


