पंजाब के अबोहर के गांव भागसर में पैसे के विवाद को लेकर एक युवक की तेजधार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई। इस हमले में मृतक का एक दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बठिंडा रेफर किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अबोहर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय प्रहलाद के रूप में हुई है, जो विवाहित था और उसका एक बेटा है। प्रहलाद के भाई विनोद कुमार ने बताया कि उसके भाई ने गांव के कुछ युवकों को कुछ समय पहले पैसे उधार दिए थे। इन पैसों की वापसी को लेकर प्रहलाद कई बार उन युवकों से मांग कर चुका था, लेकिन वे लगातार टालमटोल कर रहे थे।
साजिश के तहत किया गया हमला विनोद के अनुसार, बीते दिन उसका भाई प्रहलाद अपने दोस्त जग्गा के साथ गांव में ही उसे छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान, कथित तौर पर उन्हीं युवकों ने एक साजिश के तहत दोनों पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में जग्गा सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि हमलावरों ने प्रहलाद को पीट-पीटकर मार डाला। अस्पताल में भर्ती, एक की मौत घोषित शोर सुनकर विनोद मौके पर पहुंचा और परिजनों की मदद से दोनों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्रहलाद को मृत घोषित कर दिया, जबकि जग्गा सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बठिंडा रेफर कर दिया गया। परिजनों ने की न्याय की गुहार मृतक के भाई और रिश्तेदार संदीप कुमार ने बताया कि आरोपियों ने प्रहलाद की हत्या कर उसके बेटे के सिर से पिता का साया छीन लिया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना बहाववाला के प्रभारी दविन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


