पंजाब के अबोहर में नशा तस्करी का विरोध करने पर युवक पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घटना कंधवाला अमरकोट गांव की है। 35 वर्षीय सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि उनके पड़ोस में कुछ लोग चिट्टा और शराब बेचते हैं। इस कारण उनके घर के सामने अक्सर नशेड़ी जमा होते रहते हैं। मंगलवार शाम को जब सुरेन्द्र की पत्नी और भाभी ने इन युवकों को वहां से जाने को कहा, तो वे गालियां देकर चले गए। रात को जब सुरेन्द्र मजदूरी से घर लौटा, तो देखा कि वही युवक उसकी भाभी से गाली-गलौज कर रहे थे। भाभी का बचाव करने पर नशेड़ी युवकों ने सुरेन्द्र के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घायल सुरेन्द्र को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डीएसपी तेजेन्द्र पाल सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर घायल की वीडियो उनके संज्ञान में आई है, जिसमें वह गांव में चिट्टा बेचने की बात कर रहा है। मामले की गहन जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि नशा तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।


