फाजिल्का जिले में अबोहर के राजीव नगर में स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुनने के लिए विधायक संदीप जाखड़ ने वार्डों का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ निगम मेयर विमल ठठई और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 17, 27 और 28 के निवासियों ने विधायक को अपनी समस्याएं बताईं। पार्षद पति मुरली और डॉ. मुकेश ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से विकास कार्य नहीं हुए हैं। सीवरेज की समस्या से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को सीवरेज समस्या का समाधान करने और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधायक ने आप सरकार पर लगाया आरोप विधायक ने कहा कि मान सरकार के कार्यकाल में शहर के विकास के लिए कोई धनराशि जारी नहीं की गई है। इस कारण विकास कार्य रुके हुए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि निगम पहले समस्याओं का अस्थायी समाधान करेगा। सरकारी अनुदान मिलते ही इस क्षेत्र में प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य शुरू किए जाएंगे। विधायक संदीप जाखड़ ने बताया कि इस क्षेत्र में पहले किसी राजनेता ने लोगों की समस्याएं नहीं सुनीं। केवल चौ. सुनील जाखड़ ने अकाली सरकार के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को यहां लाकर स्थानीय समस्याओं से अवगत कराया था।