अबोहर के सराभा नगर निवासी एक लड़की अपनी शादी के दो सप्ताह पहले घर से अचानक कहीं लापता हो गया। लड़की अपने साथ लाखों के गहने और नकदी भी ले गई। इधर लड़की के परिजन अपनी लड़की को ढूंढने के लिए दर दर भटक रहे हैं। परिजनों ने सिटी वन की पुलिस पर भी उनकी कोई मदद ना करने के आरोप लगाए हैं। एसडीएम को सौंपें शिकायती पत्र में गोगा रानी और उसके पति काला सिंह ने कहा है कि वे मजूदरी करते हैं और अक्सर नरमे के सीजन में नरमा चुगाई के लिए परिवार सहित शहर से बाहर जाते हैं। उन्होंने बताया कि इस साल भी वे एक जमींदार के खेत में नरमा चुगने गए थे। जहां पर एक युवक ने उनकी 19 साल की बेटी को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। करीब 40 दिन बाद वे नरमा चुगकर अपने घर वापस आ गए। 1 दिसंबर को उसकी बेटी अचानक घर से लापता हो गई। जबकि उन्होंने उसकी शादी पहले से तय कर रखी है। 15 दिन बाद उनकी बेटी की शादी होनी है। गांव के युवक पर ही शक गोगा रानी ने बताया कि उनकी लड़की घर में रखी करीब तीन लाख की नकदी और 2 तोले सोने के जेवरात और मोबाइल भी अपने साथ ले गई है। उन्हें शह है कि उक्त युवक ही उनकी बेटी को बहला फुसलाकर अपने साथ कहीं ले गया है। उन्होंने इसकी शिकायत पंचायत को दी। जब पंचायत ने आरोपी युवक के परिवार को बुलाया तो वे पंचायत में भी नहीं आए। उन्हें संदेह है कि उक्त परिवार ने उनकी बेटी को कहीं छुपा कर रखा हुआ है। पीड़ित परिवार ने एसडीएम के साथ साथ सिटी वन पुलिस को भी शिकायत दी है। इस बारे में थाना नंबर एक की पुलिस ने बताया कि यह मामला उनके ध्यान में है। पुलिस लड़की के परिवार के संपर्क में है। लड़की का लगातार पता लगाने का प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा लड़की का नंबर भी ट्रेस किया जा रहा है।