फाजिल्का जिले के अबोहर में बेसहारा पशुओं की बढ़ती संख्या से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को प्रेम नगर और पुरानी फाजिल्का रोड पर दर्जनों आवारा सांड आपस में भिड़ गए। इस दौरान लोगों को अपनी सुरक्षा के लिए घरों और दुकानों में छिपना पड़ा। वाहन चालकों को भी अपना रास्ता बदलना पड़ा। पिछले छह महीनों से शहर में पशु पकड़ने का अभियान बंद है। इस कारण सड़कों पर बेसहारा पशुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। इन पशुओं की वजह से कई लोग हादसों का शिकार हो चुके हैं। प्रेम नगर में करीब आधा घंटा और पुरानी फाजिल्का रोड पर एक घंटे तक सांडों का हंगामा जारी रहा। काऊ सैस से जमा राशि को सार्वजनिक करने की मांग स्थानीय समाज सेवक राजू चराया और रजत लूथरा ने इस मुद्दे पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि सरकार काऊ सैस वसूलती है, लेकिन पशुओं की देखभाल पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से काऊ सैस से एकत्र होने वाली राशि को सार्वजनिक करने की मांग की है। स्थानीय प्रशासन इस समस्या पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।


