अबोहर नगर निगम के कच्चे सफाई सेवक पक्का करने की मांग को लेकर पिछले चार दिनों से कामकाज ठप कर हड़ताल पर बैठे हैं, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है और हर तरफ कचरे के ढ़ेर लगने शुरू हो गए हैं। शहर के गणमान्य लोगों ने नगर निगम से शीघ्र ही इस ओर ध्यान देने की मांग की है। नगर निगम के सफाई सेवकों द्वारा उन्हें पक्का करने की मांग को लेकर चार दिनों से हड़ताल चल रही है जिससे शहर के घरों एवं दुकानों से कोई कचरा उठाने नहीं आया, जिस कारण शहर के कचरा डंपों पर भी कचरे के ढ़ेर लगे हैं। जिन पर आवारा पशु मंडरा रहे हैं और कचरे को सड़क पर बिखेर रहे हैं। सड़कों पर बिखरा पड़ा कूड़ा शहर में मुख्य डाकघर के निकट बने कचरा डंप का सबसे बुरा हाल है, जहां पर पशुओं ने कचरे के ढेरों को सड़क के बीच तक बिखेर दिया है। आधी सडक गंदगी से भरी पड़ी है, जिस कारण वाहन चालकों और राहगीरों को यहां से निकलना भी मुश्किल हो रहा है। इसी कचरा डंप के पास ही फूड मार्केट बनी हुई हैं जहां पर शाम के समय करीब एक दर्जन फास्टफूड की दुकानें लगती हैं और सैकड़ों लोग यहां फास्टफूड खाने आते हैं। ऐसे में अगर शहर में महामारी फैलती है तो उसके लिए नगर निगम पूरी तरह से जिम्मेदार होगी। पहले भी कर चुके हड़ताल सफाई कर्मचारियों का कहना है कि पहले भी उन्होंने पक्का करने की मांग को लेकर हड़ताल की थी, जिस पर निगम कमिश्रर ने उन्हें शीघ्र ही मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि जब तक उन की मांगें पूरी नहीं होती तब तक वे हड़ताल समाप्त नहीं करेंगे। शहर के जागरूक लोगों ने निगम के कमिशनर, मेयर व अन्य अधिकारियों से सफाई सेवकों की मांगों को पूरा कर शीघ्र सफाई व्यवस्था सुचारू करवाने की मांग की है।


