अब्दुला बोले- केंद्र ने मेडिकल कॉलेज बंद करवा अन्याय किया

भास्कर न्यूज | अमृतसर जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुला ने केंद्र सरकार की ओर मनरेगा में किए जा रहे बदलावों को अनुचित करार दिया है। संशोधित जी राम जी स्कीम से केंद्र सरकार ने अपना आर्थिक बोझ राज्यों के कंधों पर लाद दिया है। स्थानीय होटल में फुलकारी संस्था की ओर से आयोजित इवेंट में शामिल होने पहुंचे सीएम उमर ने कहा कि केंद्र ने मनरेगा स्कीम का मकसद ही कमजोर कर दिया है। इससे पहले मनरेगा के लिए समस्त फंडिग केंद्र सरकार से होती थी लेकिन अब केंद्र ने अपने कंधों से बोझ हटाते हुए काफी हद तक आर्थिक बोझ राज्य सरकारों पर लाद दिया है। जबकि राज्य सरकारें विशेषकर आतंकवाद प्रभावित जम्मूू कश्मीर रियासत पहले से ही कर्ज का बोझ झेल रहा है। अन्य राज्य भी पहले से ही कर्जे के बोझ से दबे हैं। केंद्र सरकार द्वारा धारा 370 खत्म करने से उम्मीद बंधी थी कि घाटी में अमन होगा, टूरिज्म को बढावा मिलेगा लेकिन न तो आतंकी घटनाएं घटी और न ही हिंसक घटनाएं। इसे हटाना गलत साबित हुआ है, केंद्र का यह फैसला पूरी तरह से गलत था, यहां तक कि बेरोजगारी भी कम नहीं हुई है। रोजगार के अवसर भी पैदा नहीं हुए हैं। आंतकवाद बढ़ा है, बेगुनाह लोगों का खून घाटी में बहा है। इससे टूरिज्म भी प्रभावित रहा है कभी आपरेशन सिंदूर कभी पहलगाम की घटना, कभी दिल्ली में बम धमाका, इस सब का विपरीत असर घाटी के टूरिज्म पर पड़ा है। खैर, अब घाटी में बर्फबारी होने के चलते टूरिज्म लौटने लगा है, राज्य सरकार भी टूरिज्म को बढ़ावा देने में जुटी हुई है। गुरुनगरी में पहली बार पहुंचे उमर अब्दुला ने कहा कि पंजाब व जम्मू कश्मीर के ताल्लुकात बेहतरीन हैं। दो माह पहले पंजाब सरकार द्वारा श्रीनगर में करवाए गए धार्मिक समागम में उन्होंने (उमर) ने भी शिरकत की थी। उन्होंने कहा कि पंजाब व जम्मू कश्मीर में पर्यटन उद्योग व इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए आपार संभावनाएं हैं। इस संदर्भ में वह निकट भविष्य में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से संपर्क स्थापित करेंगे। जम्मू में मेडिकल कालेज बंद करने पर अब्दुला ने कहा कि केंद्र ने मेडिकल कॉलेज बंद करवाकर अन्याय किया है, इससे आर्थिक झटका भी लगा है लेकिन बंद करवाने वाले जश्न मना रहे हैं ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *