मध्यप्रदेश के युवाओं को अब सरकार सेना, पुलिस और पैरा मिलिट्री की ट्रेनिंग भी देगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को भोपाल में PARTH स्कीम यानी, पुलिस आर्मी रिक्रूटमेंट ट्रेनिंग एंड हुनर की शुरुआत की। एक अन्य योजना, मध्यप्रदेश युवा प्रेरक अभियान को भी उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर लॉन्च किया। खेल मंत्री विश्वास सारंग भी मौजूद थे। सरकार संभाग स्तर पर युवाओं को प्रशिक्षण देगी। सीएम डॉ. यादव टीटी स्टेडियम में चल रहे 28वें राज्य स्तरीय युवा उत्सव के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए थे। यहां 6 जनवरी से युवा उत्सव चल रहा था। प्रदेशभर के करीब 350 युवाओं में से 45 का चयन राष्ट्रीय युवा उत्सव के लिए किया गया है, जो दिल्ली में अपना प्रदर्शन करेंगे। खेल मंत्री सारंग ने बताया, इस योजना में प्रदेश के युवाओं को भारतीय सेना, पुलिस, पैरा मिलिट्री आदि में रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए भर्ती पूर्व ट्रेनिंग दी जाएगी। खेल विभाग की संभाग स्तरीय अधोसंरचना में भी युवाओं को प्रशिक्षण मिल सकेगा। लोकगीत पर नृत्य प्रस्तुति से झूमा स्टेडियम
कार्यक्रम में चयनित युवाओं ने प्रदेश के बुंदेलखंडी लोकगीत पर नृत्य की प्रस्तुति दी। प्रस्तुति में युवतियां ने नृत्य कर देवियों का वर्णन किया। वहीं, युवकों ने पारंपरिक नृत्य से उनकी आराधना की। खास बात यह रही कि पूरी प्रस्तुति एक युवती के गायन पर की गई। इस दौरान पूरे स्टेडियम में उत्साह का माहौल बन रहा। चयनित सभी युवा पारंपरिक पीले कुर्ते-पजामे और पगड़ी में नजर आए। युवाओं ने बताया कि इस पोशाक को पहनने का अपना अलग ही महत्व है। यह विकास के साथ संस्कृति से जुड़ाव को बताती है। मुख्यमंत्री ने युवाओं के जोश और हुनर की सराहना की
लोकनृत्य की प्रस्तुति के बाद मुख्यमंत्री ने युवाओं के जोश और हुनर की सराहना की। उन्होंने कहा, युवाओं की प्रस्तुति देख ऐसा लगा कि राजनीति छोड़कर इस लोकनृत्य को ही देखते रहे। प्रस्तुति के दौरान स्टेडियम में बने उत्साह पता चलता है कि दिल्ली जाने के लिए प्रदेश के सर्वोच्च युवाओं का चयन हुआ है। 45 युवा नेशनल यंग लीडर डायलॉग 2025 में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे
कार्यक्रम में मंत्री सारंग ने बताया कि प्रदेशभर से चयनित 45 युवा यंग लीडर डायलॉग 2025 में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। यंग लीडर डायलॉग 11 और 12 जनवरी को दिल्ली में होगा, जिसमें हर राज्य से चयनित युवा प्रधानमंत्री मोदी के सामने 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए अपने सुझाव देंगे। 1 लाख 80 हजार में 45 युवाओं का चयन हुआ
चयनित युवाओं ने बताया कि उनका चयन 1 लाख 80 हजार युवाओं में हुआ है। यह चयन प्रक्रिया चार चरणों में हुई है। जिसकी शुरुआत 25 नवंबर से हुई थी। इसमें पहला चरण क्विज, दूसरा निबंध, तीसरा पीपीटी प्रेजेंटेशन और चौथा इंटरव्यू था। वहीं, युवाओं ने यह भी बताया कि यंग लीडर डायलॉग कार्यक्रम की शुरुआत 10 जनवरी से पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन से होगी। इसके बाद 11 जनवरी को एक्पर्टस् का सेशन और 12 जनवरी को प्रधानमंत्री जी से मुलाकात होगी। युवा बोले – ग्रामीण स्तर पर रोजगार के विकास की चर्चा करेंगे
चयनित युवा संजय दत्त शर्मा ने बताया कि वह प्रधानमंत्री से चर्चा के दौरान ग्रामीण स्तर पर रोजगार के विकास की चर्चा करेंगे। साथ ही वह विकसित भारत बनाने में आने वाली बाधाओं पर भी प्रधानमंत्री के सामने अपने विचार रखेंगे। मुख्यमंत्री बोले- श्रीकृष्ण से जुड़े स्थलों को तीर्थस्थल बनाएंगे
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पर्यटन के क्षेत्र में भी विकास की जिक्र किया। उन्होंने कहा, मध्यप्रदेश भगवान श्री कृष्ण की शिक्षा स्थली है। यहीं उनकी सुदामा से मित्रता हुई थी। इसलिए उन सभी जगहों को चिह्नित किया जाएगा। हमारी सरकार ने फैसला लिया है कि तीर्थ बनाया जाएगा। धार के पास माता रुक्मणी का हरण हुआ था। अमेरिका की प्रसिद्ध पर्यटन पत्रिका ने मध्यप्रदेश को 10 प्रसिद्ध पर्यटन स्थानों में जगह दी है। इससे पता चलता है कि प्रदेश में पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं है। हमारी सरकार लगभग हर क्षेत्र में विकास कार्य कर रही है। इन दो योजनाओं का शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने खेल विभाग की PARTH योजना और व MPYP (मध्यप्रदेश युवा प्रेरक अभियान) का शुभारंभ किया। प्रदेश के युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन विकसित भारत 2047 से जोड़ने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। ट्रेनिंग में ये बताएंगे
योजनाओं में युवाओं के लिए भर्ती पूर्व प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा, जो संभाग स्तरीय रहेगा। इसमें उन्हें शारीरिक दक्षता (फिजीकल टेस्ट), लिखित परीक्षा (सामान्य ज्ञान, गणित, अंग्रेजी आदि) एवं व्यक्तित्व विकास के लिए एक्सपर्ट ट्रेनिंग देंगे। ट्रेनिंग सेंटर का संचालन संबंधित जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी करेंगे। इसके लिए ग्रामीण युवा समन्वयक और विभागीय कर्मचारियों का भी सहयोग लिया जाएगा। भर्ती पूर्व प्रशिक्षण की योजना स्ववित्त पोषित होगी। इसके लिए प्रशिक्षणार्थी से प्रतिमाह निर्धारित शुल्क लिया जाएगा। जो ट्रेनिंग देंगे, उनके लिए यह
शारीरिक दक्षता (फिजिकल टेस्ट) के लिए निश्चित मानदेय पर रखे जाने वाले प्रशिक्षक की न्यूनतम अर्हता बीपीएड/बीपीई/एनआईएस डिप्लोमा एवं राज्य स्तर का एथेलेटिक खेल का खिलाड़ी होना अनिवार्य है। लिखित परीक्षा (सामान्य ज्ञान, गणित, अंग्रेजी आदि) एवं व्यक्तित्व विकास के लिए विषय विशेषज्ञ सरकारी या प्राइवेट शैक्षणिक संस्थान में कार्यरत अधिकारी/कर्मचारी की सेवाएं पार्ट टाईम ली जाएगी। स्थानीय स्तर पर विषय विशेषज्ञ की सेवाएं लेने का निर्णय समिति करेगी। युवाओं को एक प्लेटफॉर्म पर जोड़ने एमपीवायपी पोर्टल
मंत्री सारंग ने बताया, खेल विभाग ने प्रदेश के सभी युवाओं को एक प्लेटफॉर्म पर जोड़ने के लिए एमपीवायपी पोर्टल तैयार किया है। इसका उद्देश्य युवाओं को कौशल विकास, कॅरियर मार्गदर्शन और रोजगार के अवसरों से जोड़ना है। यह प्लेटफॉर्म प्रदेश के सभी युवाओं के लिए एक ऐसा मंच प्रदान करेगा, जहां युवा अपनी प्रतिभा को निखारकर अपने भविष्य को उज्जवल बना सकेंगे। 12 जनवरी को पीएम के सामने प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे युवा
टीटी नगर स्टेडियम में 6 जनवरी से युवा उत्सव चल रहा था, जिसका समापन आज हो गया। इसमें 7 विधा की प्रतियोगिता हुई। जिसमें लोक गीत, समूह लोक गायन, पेंटिंग, भाषण, विज्ञान मेला, कहानी लेखन और कविता लेखन शामिल हैं। प्रदेश के 10 संभाग से 350 प्रतिभागी 15 से 29 वर्ष की आयु वर्ग के इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे थे। राज्य स्तरीय युवा उत्सव के विजेता 10-12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा उत्सव में हिस्सा लेंगे। 12 जनवरी को चयनित टीम नई दिल्ली में राष्ट्रीय युवा उत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।


