अब फाइलें नहीं अटकेंगी, ई-ऑफिस सिस्टम से होगा काम

कबीरधाम जिले में प्रशासनिक कामकाज की शैली बदलने की तैयारी शुरू हो गई है। कलेक्ट्रेट समेत सभी विभागों में अब फाइलें टेबल से टेबल घूमने के बजाय ऑनलाइन सिस्टम से गुजरेंगी। जिले में ई-ऑफिस सिस्टम लागू करने की तैयारी शुरू हो गई है। ई-ऑफिस लागू होने से काम में तेजी आएगी, पारदर्शिता बढ़ेगी और फाइलों के लंबित रहने की समस्या कम होगी। अधिकारियों को बताया गया कि ई-ऑफिस के जरिए अब फाइलें डिजिटल तरीके से भेजी और प्राप्त की जाएंगी। इसी कड़ी में सोमवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में ई-ऑफिस पर एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस दौरान जिले के सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। प्रशिक्षण में डिस्पैच, पत्राचार, नोटशीट, डिजिटल हस्ताक्षर और फाइल ट्रैकिंग सिस्टम का उपयोग कैसे करना है, इसकी जानकारी दी गई। अब यह आसानी से पता चल सकेगा कि कोई फाइल किस अधिकारी के पास लंबित है और कब से पड़ी है। इससे अनावश्यक देरी कम होगी। कर्मचारियों का रिकॉर्ड भी ऑनलाइन दर्ज होगी ई-एचआरएमएस प्रणाली के जरिए कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका, अवकाश, पदस्थापना और अन्य जानकारी ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। इससे रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा और जरूरत पड़ने पर तुरंत उपलब्ध होगा। वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन (एसीआर) की प्रक्रिया भी अब स्पैरो पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि ई-ऑफिस से जनता के काम समय पर होंगे और पारदर्शिता बढ़ेगी। नई व्यवस्था से फाइलों की प्रक्रिया तेज होगी। काम की स्थिति ऑनलाइन ट्रैक की जा सकेगी। कागज की बचत होगी। वहीं रिकॉर्ड सुरक्षित रहेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *