भास्कर न्यूज | अंबिकापुर भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद द्वारा जॉर्ज इंस्टीट्यूट फॉर ग्लोबल हेल्थ के सहयोग से संचालित डिजी-केयर अध्ययन के अंतर्गत अंबिकापुर के माखन विहार होटल में जिला स्तरीय परामर्श बैठक आयोजित की गई। अध्ययन का उद्देश्य शुगर और ब्लड प्रेशर जैसी गैर-संचारी बीमारियों की बेहतर देखभाल के लिए डिजिटल प्रणाली के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देना है। बैठक में विशेषज्ञों ने बताया कि वर्तमान में मधुमेह और उच्च रक्तचाप के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। समय पर जांच और नियमित उपचार के अभाव में मरीजों को हृदयाघात, लकवा, किडनी रोग और दृष्टि संबंधी जटिलताओं जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में डिजिटल तकनीक के माध्यम से मरीजों की सतत निगरानी और अनुवर्ती देखभाल को सुदृढ़ बनाना आवश्यक है। चर्चा के दौरान मोबाइल और कंप्यूटर आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए मरीजों का रक्तचाप और रक्त शर्करा स्तर नियमित रूप से दर्ज करने, दवा सेवन की निगरानी करने तथा समय-समय पर फॉलोअप सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। विशेषज्ञों ने कहा कि यदि स्वास्थ्य आंकड़ों का व्यवस्थित संकलन और विश्लेषण किया जाए तो बीमारियों को नियंत्रित रखना आसान होगा और जटिलताओं में कमी लाई जा सकेगी। बैठक में जिला अस्पताल के नोडल गैर-संचारी रोग अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, चिकित्सा अधिकारी एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


