अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सरगुजा जिले के छात्रों ने संत गहिरा गुरु यूनिवर्सिटी के भकुरा स्थित प्रशासनिक भवन का घेराव किया। आंदोलन में शामिल छात्रों ने कहा कि यूनिवर्सिटी में मूलभूत सुविधाओं की कमी हैै, जिसके कारण छात्रों को परेशान होना पड़ रहा है। छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने बेरिकेडिंग की थी, जिसे तोड़कर छात्र यूनिवर्सिटी गेट तक पहुंच गए। छात्रों एवं पुलिस जवानों के बीच झूमाझटकी हुई। यूनिवर्सिटी के प्रशासनिक भवन में सुविधाओं के अभाव व समस्याओं को लेकर अभाविप ने यूनिवर्सिटी के घेराव व विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया था। सोमवार को बड़ी संख्या में छात्र यूनिवर्सिटी का घेराव करने पहुंचे। पुलिस ने छात्रों को रोकने बेरिकेडिंग की थी, जिसे तोड़कर छात्र मुख्य गेट तक पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। अधिकारियों को चिंता नहीं
आंदोलन के दौरान विद्यार्थियों ने बताया कि संत गहिरा गुरु यूनिवर्सिटी में मूलभूत सुविधाओं की कमी है, विद्यार्थियों को परीक्षा परिणाम या अंक सूची सुधरवाने महीनों चक्कर लगाने पड़ते हैं। शहर से 10 किलोमीटर दूर होने के बावजूद यूनिवर्सिटी में सुविधा के नाम पर केवल प्रशासनिक भवन है। यूनिवर्सिटी के अधिकारियों को छात्रों की चिंता नहीं है। सड़क में लगातार हो रहे हादसे
यूनिवर्सिटी के छात्र लक्की सिंह ने बताया कि प्रशासनिक भवन तक पहुंचने के लिए सड़क तक नहीं बना है। कच्ची सड़क में आए दिन हादसे हो रहे हैं। यूनिवर्सिटी रोड की स्थिति ऐसी है जैसे छात्र यूनिवर्सिटी भवन नहीं, कहीं पहाड़ की चढ़ाई करने जा रहे हैं। जल्द से जल्द पक्की सड़क का निर्माण होना चाहिए। शिक्षा के लिए परिसर नहीं
अभाविप के जिला संयोजक पलास पांडे ने कहा कि किसी भी यूनिवर्सिटी की कल्पना उसके परिसर से की जाती है, परन्तु संत गहिरा गुरु यूनिवर्सिटी सरगुजा में प्रशासनिक भवन तो है, परन्तु छात्रों के शिक्षा के लिए कोई परिसर ही नहीं है। यूनिवर्सिटी को इसकी चिंता नहीं है। कुलसचिव के आफिस में एसी, छात्रों को पानी भी नसीब नहीं
छात्रों ने कहा कि यह बहुत चिंतनीय विषय है कि यूनिवर्सिटी में इस भीषण गर्मी के बाद भी छात्रों के पीने के पानी के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। कुलसचिव के आफिस में दो एयरकंडीशन है, इससे स्पष्ट है कि छात्रों की सुविधा के लिए अधिकारी चिंतित नहीं हैं। 11 सूत्रीय मांगों को लेकर यह आंदोलन
अभाविप के नगर मंत्री रॉनी मिश्रा ने कहा कि हमने 11 सूत्रीय मांगों, समस्याओं के समाधान के लिए यह आंदोलन किया है। यूनिवर्सिटी में अधोसंरचना की जर्जर स्थिति, मार्ग की खराब दशा, परीक्षा एवं परिणाम व्यवस्था की अव्यवस्था, तथा फर्जीवाड़े व अवैधानिक भर्तियों की जांच की मांग शामिल है। पाठ्यक्रम पूर्ण हुए बिना परीक्षाएं, परिणामों में विलंब एवं नए विषय शुरू नहीं होने से छात्र प्रभावित हो रहे हैं। धनराशि का अभाव, भेजी गई हैं मांगें- VC
यूनिवर्सिटी का घेराव करने पहुंचे छात्रों से कुलपति ने बात की और समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। कुलपति प्रो. प्रेम प्रकाश सिंह ने कहा कि फंड की कमी के कारण संसाधनों का विकास नहीं हो पा रहा है। सड़क निर्माण सहित अन्य जरूरतों को लेकर शासन को मांग पत्र भेजा गया है। अन्य यूनिवर्सिटी को फंड मिले, लेकिन सरगुजा को कम फंड मिल हैं, जिसके कारण समस्या बनी हुई है।


