भास्कर न्यूज| महासमुंद डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी जैसे राज्य सेवा के बड़े पदों के लिए सीजीपीएससी 22 फरवरी को प्रारंभिक परीक्षा लेने जा रहा है। इसके लिए जिले में 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 2585 अभ्यर्थी शामिल होंगे। व्यापमं के परीक्षा में जिन कड़ी दिशा-निर्देशों को पालन अभ्यर्थी करते थे, वे नियम इस बार से सीजीपीएससी के परीक्षा में भी लागू रहेंगे। परीक्षा को लेकर अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा ने सभी केंद्रों के प्राचार्यों और नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि परीक्षा दो पालियों में होगी प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरा पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। जिले में सुव्यवस्थित परीक्षा संचालन के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। सभी तरह की तैयारियां केंद्रों में पूरी कर ली गई है। परीक्षा के सहायक नोडल प्रोफेसर अजय राजा ने बताया कि इस बार सीजीपीएससी के परीक्षा में व्यापमं के जैसे दिशा -निर्देश लागू किए गए है। पहली बार है जब सीजीपीएएसी में कड़े नियम और ड्रेस कोड लागू किया गया है। प्रशासन ने निष्पक्ष परीक्षा के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं कि अभ्यर्थियों को परीक्षा के समय से 2 घंटे पूर्व केंद्र में पहुंचना होगा। परीक्षा शुरू होने के 15 मिनट पहले मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। देरी से आने पर प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर और मैन्युअल फ्रिस्किंग के जरिए जांच होगी। अफसरों ने कहा है कि नकल या अनुशासनहीनता पाए जाने पर परीक्षार्थी को तत्काल निष्कासित कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


