भास्कर न्यूज | धमतरी सीजी पीएससी की परीक्षा रविवार को जिले के 8 केंद्र में हुई। अधिकारी बनने के लिए पीएससी की परीक्षा देने से पहले ही अभ्यर्थियों को जांच परीक्षा से होकर गुजरनी पड़ी। 3 लेयर में जांच की गई। व्यापमं की तरह ही प्रत्येक अभ्यर्थियों की कड़ाई से जांच हुई। जांच में फेल होने पर कई अभ्यर्थी परीक्षा से वंचित भी हो गए। काला, गहरा नीला, गहरा हरा, गहरा चाकलेटी, बैगनी, मैरुन एवं जामुनी रंग के कपड़े पहनकर आने पर प्रवेश प्रतिबंधित था। इसके बावजूद कई अभ्यर्थी इन्हीं रंग के कपड़े पहनकर पहुंचे। कपड़े बदलने के लिए बाहर निकले, तो देरी होने पर केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया। सुबह 9.45 बजे के बाद आने वाले अभ्यर्थी परीक्षा देने से वंचित हो गए। दो पालियों में 1089 परीक्षार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे। व्यापमं की तरह ही 3 लेयर में अभ्यर्थियों की जांच की गई। पहले दस्तावेज जांचे गए। इसके बाद कपड़ों के रंग, हाथ से घड़ी, बेल्ट, जूते, कानों से बाली निकलवाए। पश्चात मेटल से प्रत्येक अभ्यर्थियों की जांच की गई। जेब में रखे रूमाल निकलवाए, बाइक व स्कूटी चाबी को भी अपने साथ केंद्र में नहीं ले जा सके। कई अभ्यर्थी प्रवेश पत्र के साथ पहचान पत्र नहीं लाए थे। कईयों ने आधार कार्ड अपडेट नहीं कराए, इन्हें भी केंद्र में प्रवेश लेने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। सवाल में पूछा- छग में बिहई किसका प्रकार है: पीएससी की परीक्षा में छत्तीसगढ़ से संबंधित सवाल भी पूछे गए थे। छत्तीसगढ़ में बिहई किसका प्रकार है- नृत्य, चौक, लोकगीत, लोकनाट्य। घोटुल का सामूहिक मनोरंजन गीत है- कक्सार, लोरिक चंदा, हुल्कीपाटा, डोलापारा। छत्तीसगढ़ में खीर जैसा व्यंजन है- लिमड़, खुरमी, चौलेसर, तरामई। कोठली जल प्रपात स्थित है- कन्हार नदी, रिहन्द नदी, बनास नदी, मांड नदी। पीएससी की परीक्षा दो पालियों में हुई। सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक हुई। सुबह 9.45 बजे के बाद और दोपहर में 2.45 बजे के बाद प्रवेश नहीं दिया गया। 2864 अभ्यर्थियों ने परीक्षा देने पंजीयन कराया, जिसमें से दो पालियों में 1089 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। पहली पाली में 530 और दूसरी पाली में 559 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। बीसीएस पीजी कॉलेज में कुल 198, शिव सिंह वर्मा स्कूल में 147, सेजेस बठेना स्कूल में 105, एनआरएम गर्ल्स कॉलेज में 162 अनुपस्थित रहे। इसी तरह डॉ. शोभाराम देवांगन, नत्थूजी जगताप, शासकीय स्कूल रुद्री और हटकेशर में भी 400 से अधिक परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।


