अमर शहीद बाबा दीप सिंह गुरुद्वारा साहिब में जप-तप समागम, संगत ने 6 घंटे किया सिमरन

भास्कर न्यूज | लुधियाना अमर शहीद बाबा दीप सिंह गुरुद्वारा साहिब में बुधवार को आयोजित जप-तप समागम में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस समागम में हजारों संगत ने 6 घंटे लगातार चौकड़ी मारकर सिमरन किया। वातावरण गुरबाणी और शबद की मधुर धुनों से गूंजता रहा। स्त्री सत्संग सभा की बीबी चरणदीप कौर के जत्थे ने संगती रूप में श्री जप जी साहिब, श्री सुखमणि साहिब और श्री चौपाई साहिब जी के पाठ किए। इसके साथ ही संगत ने मेरे प्यारे बाबा जी बाबा दीप सिंह जी भर दो झोली मेरी, एक तेरा ही सहारा मेरे बाबा जी, बिन गुर देखे नींद ना आवे जैसे शबदों का गायन कर पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया। समागम के अंत में गुरु घर की खुशहाली और समाज की सुख-शांति के लिए संगत द्वारा अरदास की गई। अमर शहीद बाबा दीप सिंह गुरुद्वारा में जप-तप समागम के दौरान श्रद्धा के साथ सिमरन करती संगत। समागम में छोटे-छोटे बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर सेवा निभाई। कोई जोड़े खाने में सेवा कर रहा था, तो कोई लंगर हॉल में बर्तन धोने में जुटा था। कई बच्चे और युवक गर्मी में संगत को पानी पिलाते नजर आए। इस अवसर पर प्रिंस ने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से गुरुद्वारा साहिब में पकौड़े और चाय का लंगर लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाबा जी की मेहर से उनके कारोबार में लगातार वृद्धि हुई है। समागम के अंत में गुरुद्वारा कमेटी की ओर से संगत के लिए कड़ी-चावल का लंगर लगाया गया। इस अवसर पर सुरिंदर सिंह बिंद्रा, सुखविंदर पाल सिंह सरना, नवप्रीत सिंह बिंद्रा, हरप्रीत सिंह राजधानी और अमरजीत सिंह टिक्का व अन्य मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *