अमृतसर के इस्लामाबाद इलाके में घर में लगी भीषण आग:शॉर्ट सर्किट की आशंका, दमकल और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा

अमृतसर के थाना गेट हकीमां के अधीन आते इस्लामाबाद इलाके के ज्वाला स्टेट में एक घर में अचानक आग लगने का मामला सामने आया है। आग लगने से घर का काफी कीमती सामान जलकर राख हो गया। हालांकि गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार परिवार के सदस्य घर से बाहर कुछ सामान लेने के लिए गए हुए थे। जब वे वापस घर लौटे तो उन्होंने देखा कि उनके घर के अंदर से धुआं निकल रहा है। जब उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा तो घर में रखी रजाइयों और कपड़ों में आग लगी हुई थी। इसके बाद परिवार ने तुरंत आसपास के लोगों को इकट्ठा किया और दमकल विभाग तथा थाना गेट हकीमां की पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां और पुलिस मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया गया। दमकल कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की। आग लगने के कारण घर के अंदर रखा काफी कीमती सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्हें अभी तक आग लगने के सही कारण का पता नहीं चल पाया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो सकती है। वहीं मौके पर पहुंचे थाना गेट हकीमां के पुलिस अधिकारी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि ज्वाला स्टेट में एक कोठी में आग लगी है। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया गया। उन्होंने बताया कि घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। घर में रखे गैस सिलेंडरों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। फिलहाल दमकल विभाग की टीमें आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटी हुई हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *