पंजाब के अमृतसर जिले के राजासांसी इलाके के गांव जगदेव कलां में घरेलू विवाद को लेकर एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां कुछ लोगों द्वारा घर पर हमला कर एक पुलिस कांस्टेबल की हत्या कर दी गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव जगदेव कलां निवासी पुलिस कांस्टेबल जगजीत सिंह, जो गुरदासपुर के डीएसपी के साथ सिक्योरिटी गार्ड के रूप में तैनात थे, कल शाम ही अपनी ड्यूटी खत्म करके घर लौटे थे। बताया जा रहा है कि देर शाम गांव के ही कुछ लोग, जिनमें बलराज सिंह भी शामिल था, अपने 8 से 10 साथियों के साथ गाड़ियों में सवार होकर उनके घर पहुंचे। आरोपियों ने लोहे की रॉड से हमला किया मृतक की पत्नी हरजीत कौर के अनुसार, किसी घरेलू विवाद को लेकर आरोपियों ने आते ही जगजीत सिंह और उनके परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान हमलावरों ने लोहे की रॉड और डंडों से हमला किया। मारपीट के दौरान जगजीत सिंह के सिर पर रॉड लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घायल को अस्पताल ले जाते समय मौत घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से अपनी गाड़ियों में सवार होकर फरार हो गए। इसके बाद परिवार के लोगों ने घायल जगजीत सिंह को तुरंत इलाज के लिए अमृतसर ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर है। पत्नी हरजीत कौर और अन्य परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और कहा है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए। वहीं, इस मामले में थाना राजासांसी की एसएचओ हरसिमरत कौर मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि परिवार के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस द्वारा उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की गहन जांच की जा रही है।


