अमृतसर के झब्बाल रोड पर रात चली गोलियां:एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल; पुरानी रंजिश का मामला आया सामने, जांच में जुटी पुलिस

पंजाब के अमृतसर में झब्बाल रोड स्थित इंदिरा कॉलोनी में देर रात युवकों ने खुलेआम फायरिंग कर दी। ये फायरिंग एक झगड़े के दौरान हुई। इस वारदात में सुरिंदर उर्फ गामा नामक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है, वहीं पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश का सामने आ रहा है। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पीड़ित युवक आशु और इलाका निवासी जसकरण ने बताया कि यह फायरिंग सन्नी चावला, लव लुहारा और वीरू नामक युवकों द्वारा की गई। आरोप है कि ये तीनों युवक आशु के घर आए और पुरानी रंजिश के चलते गोलियां चलानी शुरू कर दीं। आशु का कहना है कि इन लोगों को शक था कि उसने उन्हें किसी केस में फंसाया है और इसी बदले की भावना के चलते यह हमला किया गया। घटना के समय घर के अंदर था गामा जब हमलावर गोलियां चला रहे थे, तभी आशु ने खुद को बचाने की कोशिश की। इसी दौरान घर के अंदर मौजूद सुरिंदर गामा को गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। गामा को नाजुक हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने उनके घर पर करीब पांच राउंड फायरिंग की। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि ऐसे बदमाशों पर सख्त कार्रवाई हो, जो खुलेआम रिहायशी इलाकों में गोलियां चलाकर कानून व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मौके पर थाना गेट हकीमां की पुलिस पहुंची। पुलिस ने परिवार व इलाका निवासियों के बयान लिख कर सन्नी चावला, लव लुहारा और वीरू नामक युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ बनती कार्रवाई की जाएगी। उन्हें पकड़ने के लिए टीमों को रवाना किया जा चुका है। जल्द वे पकड़े जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *