अमृतसर शहर के शेरांवाला गेट के पास स्थित एक प्रिंटिंग प्रेस में चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुस गया और वहां खड़ी एक्टिवा स्कूटी, नकदी से भरा गल्ला तथा एक मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया। पूरी घटना दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। दुकान मालिक नवदीप सिंह ने बताया कि सुबह करीब 9:30 बजे जब उन्होंने अपने मोबाइल पर सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो एक्टिवा गायब दिखाई दी। इसके बाद जब वह तुरंत दुकान पहुंचे तो पीछे की तरफ का शटर टूटा हुआ मिला। फुटेज के अनुसार चोर करीब एक घंटे तक दुकान के अंदर मौजूद रहा। इस दौरान उसने सामान और कागजात बिखेर दिए तथा गल्ले में रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इतना ही नहीं, चोर बाबा दीप सिंह जी के नाम से रखा दान गल्ला भी साथ ले गया। उसने दुकान में लगी एलसीडी तोड़ने की भी कोशिश की, लेकिन उसमें सफल नहीं हो सका। दुकान मालिक के अनुसार कुल नुकसान डेढ़ से दो लाख रुपय के बीच आंका जा रहा है। एक्टिवा की कीमत करीब एक लाख रुपय बताई गई है, जबकि नकदी और मोबाइल फोन अलग से नुकसान है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बाहरी कैमरे तोड़े गए थे, लेकिन अंदर की फुटेज सुरक्षित है। उसी के आधार पर आरोपी की पहचान के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।


