अमृतसर दिल्ली हाईवे पर गोराया के पास ओवरस्पीड कार डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरे लेन पर आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार सवार 3 युवकों की मौके पर मौत हो गई। युवकों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।
राहगीरों की सूचना पर गोराया की पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों को कार से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत लाया घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि युवक जालंधर साइड से लुधियाना जा रहे थे। हादसा इतना भीषण था कि टोयोटा कार के परखच्चे उड़ गए, जबकि टाटा 407 भी क्षतिग्रस्त हो गई। टाटा 407 का ड्राइवर भी गंभीर हालत में अस्पताल भर्ती करवाया गया है। सड़क सुरक्षा फोर्स ने क्षतिग्रस्त वाहनों को रोड से हटवाया
सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायल टाटा 407 चालक की पहचान विजय कुमार के तौर पर हुई है। घायल ने बताया कि वह वह जालंधर की तरफ जा रहा था, तभी तेज रफ्तार कार पलटकर उसकी लेन में आ गई और टकरा गई। उसकी टांग में फ्रेक्चर हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शी बोला-100 से ज्यादा स्पीड में थी टयोटा की गाड़ी
हाईवे पर गैराज चलाने वाले प्रत्यक्षदर्शी बैंस ने बताया कि टोयोटा की कार 100 से भी ज्यादा स्पीड में थी। देखते ही देखते ड्राइवर इस पर से नियंत्रण खो बैठा जिससे कार डिवाइडर तोड़ दूसरी तरफ ट्रक से टकरा गई। वह दौड़कर मौके पर पहुंचे लेकिन कार पिचक चुकी थी। युवकों ने अंदर ही दम तोड़ दिया।
शवों को सिविल अस्पताल में रखवाया
सड़क सुरक्षा फोर्स के एएसआई मक्कड़ सिंह ने बताया कि कार काफी तेज थी और फगवाड़ा से आ रही थी। तीनों कार सवारों की मौत हो गई है और उनके शवों को फगवाड़ा सिविल अस्पताल में रखवाया गया है।


