अमृतसर देहाती पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए हत्या के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी बलजिंदर सिंह उर्फ बॉबी का एनकाउंटर किया है। यह कार्रवाई थाना चाटीविंड के अंतर्गत गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि तरनतारन निवासी बलजिंदर सिंह उर्फ बॉबी, जिसके खिलाफ मार्च 2025 में हत्या का मामला दर्ज है, चाटीविंड के आसपास के इलाके में मौजूद है। सूचना मिलते ही डीएसपी अटारी की अगुवाई में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं और इलाके में नाकाबंदी की गई। इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर नाकाबंदी के दौरान जब पुलिस ने संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया, तो आरोपी ने पुलिस पार्टी पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को काबू में ले लिया। घायल अवस्था में बलजिंदर सिंह उर्फ बॉबी को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। एनकाउंटर स्थल से चार जिंदा कारतूस बरामद इस संबंध में जानकारी देते हुए DIG बॉर्डर रेंज संदीप गोयल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कुल चार एफआईआर दर्ज हैं। इनमें एक हत्या का मामला और तीन मामले एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हैं। एनकाउंटर स्थल से पुलिस ने चार जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। DIG संदीप गोयल ने यह भी स्पष्ट किया कि आरोपी के किसी गैंगस्टर नेटवर्क या आपराधिक गिरोह से जुड़े होने की संभावनाओं की गहन जांच की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में और भी अहम खुलासे होने की उम्मीद है।


