अमृतसर देहाती पुलिस की सख्ती:जंडियाला टोल प्लाजा और गांवों में 30 नाकों पर वाहन जांच अभियान चला

अमृतसर देहाती पुलिस की ओर से देर रात जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से जंडियाला टोल प्लाजा सहित विभिन्न गांवों और प्रमुख मार्गों पर विशेष नाकाबंदी अभियान चलाया गया। इस दौरान 25 से 30 स्थानों पर नाके लगाकर आने-जाने वाले हर वाहन की गहन जांच की गई। पुलिस टीमों ने वाहनों के दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की। इस विशेष चेकिंग अभियान का मकसद जिले में सक्रिय नशा तस्करों, गैंगस्टर तत्वों और असामाजिक गतिविधियों पर नकेल कसना बताया गया है। देर रात तक चले इस अभियान के दौरान पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आई और बाहरी इलाकों में 10 से 15 के करीब जियो-प्वाइंट भी तैनात किए गए। इस संबंध में मीडिया से बातचीत करते हुए एसपी हेडक्वार्टर तेजबीर सिंह हुंदल ने बताया कि यह विशेष नाकाबंदी लोगों की सुरक्षा और इलाके में शांति बनाए रखने के लिए की गई है। उन्होंने कहा कि अमृतसर देहाती पुलिस मादक पदार्थ तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन को बिना जांच आगे नहीं जाने दिया गया। एसपी हुंदल बोले– जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त चेकिंग अभियान जारी एसपी हुंदल ने बताया कि विशेष रूप से मजीठा क्षेत्र को सील कर विभिन्न सब-डिवीजनों में अलग-अलग चेकिंग प्वाइंट लगाए गए हैं। साथ ही, गांवों में लगातार अनाउंसमेंट के जरिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। इसके अलावा स्कूलों और ग्रामीण इलाकों में बच्चों और युवाओं को नशे और गलत संगत से दूर रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आम लोग इस अभियान में पूरा सहयोग कर रहे हैं, जिससे इलाके में कानून व्यवस्था और मजबूत हो रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *