शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के अध्यक्ष सिमरनजीत सिंह मान ने सुधीर सूरी कत्ल कांड में आरोपी संदीप सिंह सन्नी के परिवार से मुलाकात की। यह मुलाकात सन्नी के घर पर हुई, जहां मान ने परिवार को भरोसा दिलाया कि उनकी पार्टी हर समय उनके साथ खड़ी है और न्याय की इस लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाया जाएगा। भारत सरकार की नीतियों पर आरोप सिमरनजीत सिंह मान ने कहा कि संदीप सिंह सन्नी ने सिख समाज के लिए हमेशा सेवा की है और उन पर लगे आरोप राजनीति से प्रेरित लगते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भारत सरकार की नीतियों के चलते सिख युवाओं को निशाना बनाया जा रहा है। मान ने कहा कि सिखों को लंबे समय से फर्जी केसों में फंसाया जा रहा है और अब भी पुलिस द्वारा अत्याचार जारी हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य है कि ऐसे मामलों को उजागर किया जाए और पीड़ित परिवारों को इंसाफ दिलाया जाए। इस दौरान सिमरनजीत सिंह मान ने संदीप सिंह के परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पार्टी कानूनी और सामाजिक दोनों स्तरों पर साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह सिर्फ एक व्यक्ति की लड़ाई नहीं, बल्कि पूरी कौम की आवाज है, जिसे दबाया नहीं जा सकता।