अमृतसर जिले के मोहिनी पार्क के पास बुधवार शाम को एक निहंग सिंह की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय लवप्रीत सिंह के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी बलजिंदर कौर के साथ मोहिनी पार्क के पास किराए के मकान में रहता था। घटना शाम 6 बजे की है। पुलिस द्वारा बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। लोगों ने पहुंचाया था अस्पताल हमलावरों ने कार में सवार दंपती पर तेजधार हथियारों से हमला किया, उन्होंने कार में भी तोड़फोड़ की। आसपास के लोगों ने घायल लवप्रीत को निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना इस्लामाबाद प्रभारी जसबीर सिंह और कोट खालसा चौकी इंचार्ज अरुण कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। एक साल पहले हुई थी शादी एडीसीपी सिटी विशाल जीत सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी को भी ट्रेस कर लिया गया है। मृतक की एक साल पहले ही शादी हुई थी। उसकी पत्नी के अनुसार उनकी किसी के साथ कोई रंजिश नहीं थी। सूत्रों के अनुसार हमलावर भी निहंग थे। हत्या की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मृतक की पत्नी का बयान दर्ज कर मामला दर्ज किया है।


