भास्कर न्यूज | अमृतसर अमृतसर-फिरोजपुर रेलवे लिंक परियोजना को लेकर पूर्व सांसद श्वेत मलिक ने दावा किया कि यह रेल लिंक प्रदेश के व्यापार, उद्योग और सामरिक दृष्टि से मील का पत्थर साबित होगा। भूमि अधिग्रहण काम शुरू हो चुका है और इसके लिए 187 करोड़ रुपए तरनतारन-फिरोजपुर के डीसी को जारी कर दिए गए है। मलिक ने कहा कि बताया कि प्रधानमंत्री मोदी, रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के हस्तक्षेप से अब इस परियोजना को पुनः गति मिली है। अमृतसर-फिरोजपुर लिंक बनने से अमृतसर से मुंबई का सफर करीब 5 घंटे कम हो जाएगा। साथ ही अमृतसर का सीधा रेल संपर्क राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र से सुदृढ़ होगा। इससे व्यापारियों, उद्योगपतियों और भारतीय सेना को विशेष लाभ मिलेगा। मलिक ने दावा किया कि केंद्र सरकार ने पंजाब के रेल प्रोजेक्ट्स के लिए 5673 करोड़ रुपए जारी किए हैं। वहीं अमृतसर रेलवे स्टेशन के विकास के लिए 300 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने बताया कि उनके प्रयासों से पहले ही 500 करोड़ रुपए से अमृतसर रेलवे स्टेशन को वर्ल्ड क्लास बनाया गया है।


