अमृतसर में स्टेट स्पेशल ऑपरेशंस सेल (SSOC) ने एक खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान समर्थित एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस अभियान में पुलिस ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक रिमोट कंट्रोल से संचालित इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी), एक विदेशी निर्मित पिस्तौल और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तान स्थित अपने हैंडलर के सीधे संपर्क में था। वह एन्क्रिप्टेड डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का उपयोग कर सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी से बचते हुए आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की योजना बना रहा था। डीजीपी गौरव यादव ने साझा की जानकारी डीजीपी गौरव यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर यह जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि, पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि बरामद आतंकी खेप सीमा पार से पाकिस्तान की ओर से भेजी गई थी। इसे अमृतसर के ऑटो किरटो क्षेत्र में एक पूर्व निर्धारित स्थान से बरामद किया गया। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि बरामद रिमोट कंट्रोल आईईडी का इस्तेमाल किसी बड़े आतंकी हमले को अंजाम देने के लिए किया जाना था। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया है और राज्य की सुरक्षा को गंभीर खतरे से बचाया गया। पुलिस कर रही आरोपी से पूछताछ पुलिस गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि इस आतंकी नेटवर्क के आगे और पीछे के सभी लिंक का पता लगाया जा सके। जांच में यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस मॉड्यूल से जुड़े और कितने लोग सक्रिय हैं और किन-किन क्षेत्रों को निशाना बनाने की योजना थी। पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य की शांति और कानून व्यवस्था को भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने दोहराया कि पाकिस्तान समर्थित आतंकी मॉड्यूल्स और सीमा पार से होने वाली आतंकी साजिशों को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा।


