स्टेट स्पेशल आपरेशन सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए आरडीएक्स आधारित इप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अमृतसर के ईस्ट मोहन नगर स्थित चमरंग रोड निवासी राहुल कुमार उर्फ गज्जू के रूप में हुई है। आरोपी अमृतसर में एक सैलून में सहायक के रूप में काम करता था। डीजीपी गौरव यादव के मुताबिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के इशारों पर काम करने वाले एक विदेशी हैंडलर के संपर्क में था। आरोपी ने हैंडलरों के इशारों पर शहर के बाहरी इलाके में तय स्थान से विस्फोटक की खेप हासिल की थी। सुरक्षा एजेंसियों से बचने के लिए आईईडी को पीवीसी पाइप में छिपाया गया था, ताकि इसका आसानी से पता न चल सके। आईईडी की सप्लाई और इसके स्रोत का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क को उजागर किया जाएगा।


