अमृतसर के भिंडी सैदां गांव में आज सुबह कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान फायरिंग की भी सूचना मिली है। इसमें कई लोग घायल हो गए। AAP ने कांग्रेस विधायक सुख सरकारिया पर गुंडागर्दी का आरोप लगाया है। यह घटना थाना भिंडीसैदां क्षेत्र के अंतर्गत सुबह करीब 10:20 बजे हुई। AAP का आरोप है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके जिला परिषद उम्मीदवार लखबीर सिंह लखा को बुरी तरह पीटा और उन पर गोलियां भी चलाईं। एक दिन पहले नामांकन भरते समय हुआ था विवाद यह विवाद अचानक नहीं हुआ, बल्कि इसकी शुरुआत कल नगर पंचायत कार्यालय राजासांसी में हुई थी। ब्लॉक समिति के नामांकन पत्र भरते समय दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई थी, जो आज हिंसक टकराव में बदल गई। AAP विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि लखा पर गोलियां चलाई गईं और इस झगड़े में उनकी पार्टी के चार कार्यकर्ता घायल हुए हैं। लोगों के पास हथियारों की जांच होनी चाहिए :धारीवाल धालीवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का पुराना तरीका है कि वे हर जगह ‘धक्का’ करते हैं। उन्होंने चुनाव आचार संहिता के दौरान लोगों के पास हथियार होने की भी जांच की मांग की। हलका इंचार्ज सोनिया मान और ट्रांसपोर्ट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने भी अपने साथियों को घर से उठाकर पीटने का आरोप लगाया। सरपंच सहित कई घायल जानकारी के अनुसार, इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोगों को चोटें आई हैं। कांग्रेस के सरपंच सुरजीत सिंह (पुत्र खाजां सिंह) के सिर में गंभीर चोट लगी है। कांग्रेस कार्यकर्ता सुरजीत सिंह (सरपंच) और AAP कार्यकर्ता लखविंदर सिंह व महिंदर सिंह शामिल हैं। ये सभी भिंडीसैदां गांव के निवासी हैं। गोली चली या नहीं इसकी हो रही जांच इस मामले में पुलिस अधिकारी ने बताया कि बीते दिन जिला परिषद के नामांकन के दौरान राजासांसी में मामूली तकरार के दौरान सुरजीत सिंह नाम के व्यक्ति को हलकी चोट लगी थी। उसके बाद आज आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को आज पकड़ कर पीटा गया ओर उन्हें बुरी तरह से जख्मी किया गया। इसमें चार से पांच व्यक्ति जख्मी हुए हैं, जो अस्पताल में दाखिल है। गोलियां चली हैं जा नहीं इसे अभी वेरिफाई किया जा रहा है।


