अमृतसर जिले के जंडियाला गुरु हलके के अधीन आने वाले गांव बंन्ना में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां शादी के महज एक महीने बाद ही एक नवविवाहिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, युवती की शादी लगभग एक महीने पहले ही हुई थी । बताया जा रहा है कि किसी छोटी सी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। यह विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि मामला बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया। आरोप है कि गुस्से में आकर पति ने अपनी ही पत्नी को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है। परिवार का आरोप—ससुराल में किया जा रहा था गलत व्यवहार वहीं मृतक युवती के परिवार वालों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि उनकी बेटी की शादी को अभी एक महीना भी पूरा नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि अभी तो वे शादी की खुशियों और रस्मों को ठीक से पूरा भी नहीं कर पाए थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें अपनी बेटी की लाश देखने को मिल गई। परिवार का आरोप है कि उनकी बेटी के साथ ससुराल में गलत व्यवहार किया जा रहा था। परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच फिलहाल पुलिस ने परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


