भारत-पाक के बीच हालिया तनाव और भारतीय सेना द्वारा आतंकवादियों पर की गई सख्त कार्रवाई की खुशी में स्पेशल ओलिंपिक भारत और रिहैबिलिटेशन एंड सेटलमेंट ऑर्गेनाइजेशन (रासो) की ओर से कर्मपुरा पहल स्कूल में एक विशेष तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस आयोजन में विशेष (दिव्यांग) बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रासो जिला प्रमुख कमलजीत कौर गिल और उपाध्यक्ष धरमिंदर सिंह की अगुवाई में आयोजित इस समागम में बच्चों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों के साथ पूरे परिसर व आसपास के इलाकों में तिरंगा लहराया। कमल गिल ने अपने संबोधन में पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए भारतीय सेना की कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि, हमारी लड़ाई किसी देश या कौम से नहीं, बल्कि आतंकवाद से है। पाकिस्तान में हमने सिर्फ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया, कोई निर्दोष नागरिक नहीं मारा गया। गुरुद्वारों व मंदिरों को निशाना बनाने की निंदा उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान ने भारत के गुरुद्वारों, मंदिरों और नागरिकों पर हमले किए, जिसका जवाब भारतीय सेना ने पूरी ताकत से दिया है और जब तक एक भी आतंकवादी जिंदा है, यह अभियान जारी रहेगा। धरमिंदर सिंह ने कहा कि पाकिस्तान ने पंजाब, गुजरात, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और दिल्ली तक नागरिकों को निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय सेना ने उसे नाकाम कर करारा जवाब दिया।


