अमृतसर में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान हरपाल सिंह के रूप में हुई है, जो अमृतसर के अजनाला क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। आरोपी को अमृतसर स्थित खालसा कॉलेज के पास से गिरफ्तार किया गया। सूत्रों के अनुसार, ऑपरेशन सिंदूर के बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां सीमावर्ती इलाकों में सतर्क थीं। इसी दौरान हरपाल सिंह की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। तकनीकी निगरानी और खुफिया इनपुट के आधार पर एजेंसियों ने उसे ट्रैक किया और खालसा कॉलेज के आसपास से दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से एक सीडी भी बरामद की गई, जिसमें देश की सुरक्षा से जुड़ी अहम और गोपनीय जानकारियां होने की आशंका जताई जा रही है। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि इस सीडी में सैन्य गतिविधियों, सुरक्षा इंतजामों और सीमावर्ती क्षेत्रों से जुड़ा डेटा मौजूद हो सकता है। सीडी को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। जांच एजेंसियों का कहना है कि हरपाल सिंह काफी समय से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों के संपर्क में था और ऑपरेशन सिंदूर के बाद लगातार संवेदनशील जानकारियां भेज रहा था। बदले में उसे आर्थिक लाभ भी मिलने की बात सामने आ रही है। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस जासूसी नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है और जानकारी कहां-कहां तक पहुंचाई गई। इस गिरफ्तारी के बाद अमृतसर और आसपास के सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।


