पंजाब में नशा तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सीमा पार से हथियार और नशे की तस्करी करने वाले एक बड़े मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस पूरे मामले की जानकारी डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने साझा की है। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि अमृतसर क्षेत्र में कुछ लोग सीमा पार से अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी में सक्रिय हैं। सूचना के आधार पर कमिश्नरेट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और इस नेटवर्क से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। डीजीपी के अनुसार, पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 आधुनिक पिस्तौल, 10 जिंदा कारतूस, 115 ग्राम हेरोइन और 11 लाख 90 हजार रुपय की ड्रग मनी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से अवैध हथियारों और नशे की तस्करी में शामिल थे और इनके तार सीमा पार से संचालित तस्करी नेटवर्क से जुड़े हुए थे। उन्होंने बताया कि इस मामले में थाना कैंटोनमेंट, अमृतसर में आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि इस नेटवर्क के आगे और पीछे जुड़े अन्य तस्करों और सरगनाओं तक पहुंचा जा सके। डीजीपी गौरव यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पंजाब पुलिस संगठित अपराध, नशा तस्करी और नार्को-आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने दोहराया कि नशा मुक्त पंजाब के लक्ष्य को हासिल करने के लिए आने वाले समय में और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।


