अमृतसर में नशा तस्करों के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। सुल्तानविंड रोड स्थित मंदिर वाला बाजार में ड्रग मनी से बनाई गई अवैध संपत्ति को जिला प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई में चल रहे नशा विरोधी अभियान के तहत की गई। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि यह संपत्ति अनमोल (34), सोनिया (24) और गगनदीप सिंह उर्फ गोरा (25) की थी, जो आपस में सगे भाई-बहन हैं और शहीद ऊधम सिंह नगर, अमृतसर के निवासी हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों नशा तस्करी गतिविधियों में सक्रिय थे और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। रिकॉर्ड के मुताबिक, अनमोल और गगनदीप के खिलाफ एफआईआर नंबर 223 दिनांक 23-09-2025 धारा 21-बी, 27-ए और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज है, जबकि सोनिया के खिलाफ एफआईआर नंबर 177 दिनांक 18-08-2025 धारा 21-बी और 27-ए के तहत मामला दर्ज है। नगर निगम की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माण को बुलडोजर से गिरा दिया। अमृतसर में यह नशा तस्करों की 19वीं संपत्ति है, जिस पर डेमोलिशन कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि ड्रग्स के पैसों से बनाई गई कोई भी अवैध संपत्ति बख्शी नहीं जाएगी। पुलिस ने जनता से अपील की है कि नशा और गैंग अपराध के खिलाफ मुहिम में सहयोग करें। किसी भी प्रकार की सूचना पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर साझा की जा सकती है। जानकारी देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


