अमृतसर में BKI आतंकी मॉड्यूल से जुड़ा एक गिरफ्तार:UK से चला रहा था धर्मा संधू; रिंदा गैंग की शह पर मंगवाए गए 6 हथियार बरामद

पंजाब पुलिस ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। यह मॉड्यूल यूके में बैठे खालिस्तानी आतंकी धर्म सिंह उर्फ धर्मा संधू चला रहा था, जो पाकिस्तान स्थित कुख्यात आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा का करीबी बताया जाता है। इस ऑपरेशन में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने स्थानीय स्तर पर मॉड्यूल को संभाल रहे ओंकार सिंह को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 6 आधुनिक पिस्तौल बरामद हुई हैं, जिनमें 4 Glock 9mm और 2 PX-5 (.30 बोर) शामिल हैं। पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है। रिंदा की शह पर सक्रिय था गैंग पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि यह मॉड्यूल पंजाब में अशांति फैलाने के इरादे से विदेशी आतंकी संगठनों और रिंदा गैंग की शह पर सक्रिय था। यह गिरोह विदेशों से हथियार मंगवाकर पंजाब में हिंसक वारदातों की योजना बना रहा था। उन्होंने कहा कि अमृतसर पुलिस की सतर्कता और तेज कार्रवाई से एक बड़ी साजिश को विफल कर दिया गया है। मॉड्यूल के अन्य सदस्यों को खोज रही पुलिस इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस की टीमें मॉड्यूल से जुड़े अन्य साथियों और नेटवर्क की पहचान में जुटी हुई हैं। अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि राज्य में आतंकवाद को किसी भी हाल में पनपने नहीं दिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *