अमेठी पहुंचने से पहले राहुल के खिलाफ पोस्टर लगे:लिखा-आतंक का साथी, राहुल गांधी; इंडी का हाथ पाकिस्तान के साथ

राहुल गांधी के यूपी दौरे का बुधवार को दूसरा दिन है। वह आज रायबरेली से अमेठी जाएंगे। राहुल के अमेठी पहुंचने से पहले जिला कांग्रेस ऑफिस, बस अड्डे समेत 20 जगहों पर उनके खिलाफ 3 तरह के पोस्टर लगाए गए हैं। पहले में राहुल की फोटो के साथ लिखा है- आतंक का साथी राहुल गांधी। दूसरे में राहुल, पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला और महाराष्ट्र के नेता विजय वडेट्टीवार की फोटो लगी है। इसमें लिखा है- इंडी गठबंधन का हाथ पाकिस्तान के साथ। तीसरे पोस्टर में गुलाम नबी आजाद, लश्कर आतंकी हाफिज सईद और सैफुद्दीन सोज की फोटो लगी है। इसमें लिखा है- कांग्रेस आतंकियों और पाकिस्तान की भाषा बोल रही है। क्या राहुल और उनकी पार्टी पाकिस्तान और आतंकवादियों का एजेंडा आगे बढ़ा रही? हालांकि, यह पोस्टर किसने लगवाए हैं। यह अब तक स्पष्ट नहीं है। अमेठी पुलिस ने सभी पोस्टर्स को हटा दिया है। सीसीटीवी चेक किए जा रहे हैं कि ये पोस्टर किसने और कब लगाए हैं। राहुल अमेठी में ऑर्डिनेंस फैक्ट्री का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद संजय गांधी अस्पताल में ओपन हार्ट सर्जरी ऑपरेशन थिएटर का उद्घाटन करेंगे। वे इंदिरा गांधी नर्सिंग कॉलेज भी जाएंगे। वहां छात्राओं से बातचीत करेंगे। 2024 लोकसभा चुनाव के बाद राहुल का यह पहला अमेठी दौरा है। यहां से गांधी परिवार के करीबी केएल शर्मा ने स्मृति ईरानी को हराकर चुनाव जीता था। अमेठी से शाम को राहुल कानपुर जाएंगे। वहां पहलगाम हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी के घर जाकर परिजनों से मुलाकात करेंगे। राहुल गांधी ने दौरे के पहले दिन रायबरेली में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कहा – आपका काम चुनाव लड़ने का है, आपका काम पार्टी को जिताने का है। अगर नहीं कर पा रहे हैं, तो या तो आप शादी के घोड़े हैं या लंगड़े घोड़े। जो भी हैं, खड़े हो जाइए और एक साथ आ जाइए। राहुल गांधी के दौरे से जुडे़ हर अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *