यूनाइटेड स्टेट ऑफ अमेरिका से ब्लू वॉटर ब्रिज पोर्ट ऑफ एंट्री पर कनाडा बॉर्डर सर्विस एजेंसी (CBSA) ने एक कमर्शियल ट्रक से भारी मात्रा में कोकीन बरामद की। सीबीएसए ने जांच के बाद पंजाबी मूल के दो युवाओं को नशा तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया है। सीबीएसए ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों सरकरनवीर सिंह व चमकौर सिंह को पूछताछ के बाद रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) को सौंप दिया है। सीबीएसए ने कमर्शियल ट्रक से 111.40 किलोग्राम कोकीन बरामद की थी। कनाडा बॉर्डर सिक्योरिटी एजेंसी ने इस संबंध में प्रेस रिलीज जारी की है और बताया है कि 19 फरवरी को अमेरिका कनाडा बॉर्डर पर एक कमर्शियल ट्रक को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान ट्रक में से 111.40 किलोग्राम कोकीन पकड़ी गई थी। गत्ते के बॉक्सों में भरी थी कोकीन सीबीएसए के अधिकारियों के मुताबिक कमर्शियल ट्रक में सामान के साथ कोकीन को गत्ते के बॉक्सों में पैक करके रखा था। कोकीन से भरे बॉक्सों को अन्य सामान के बीच में रखा था ताकि पकड़े न जाएं। पुलिस ने जब गहनता से जांच की तो उसमें कोकीन से भरे बॉक्स बरादम हुए। आरोपी व कोकीन आरसीएमपी को सौंपी सीबीएसए ने मामले की जांच के बाद डार्टमाउथ नोवा स्कोटिया में रहने वाले वाले 29 वर्षीय सरकरनवीर सिंह और ओंटारियो के बेलविले में रहने वाले 25 वर्षीय चमकौर सिंह को गिरफ्तार किया है। सीबीएसए ने जांच पूरी करने के बाद दोनो आरोपियों व पकड़े गए नशीले पदार्थ को आरसीएमपी को सौंप दिया है। केस अदालत में भेजा प्रेस रिलीज में बताया गया कि आरोपियों को दो मार्च को गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ केस ओंटारियो कोर्ट ऑफ जस्टिस में केस दायर कर दिया है। वहां पर इस केस की सुनवाई चल रही है। दोनों आरोपियों पर कंट्रोल्ड ड्रग्स एंड सब्सटेंसेज एक्ट के तहत कोकीन के आयात और तस्करी के उद्देश्य से कोकीन रखने के आरोप लगाए गए हैं। अमेरिका से कनाडा में नशा तस्करी CBSA के साउदर्न ओंटारियो रीजन के अधिकारियों का कहना है कि अमेरिका से कनाडा में नशा तस्करी के लिए कमर्शियल ट्रकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उनका कहना है कि बॉर्डर पर सख्ती से जांच की जा रही हे। 1 जनवरी 2025 से अब तक इसी क्षेत्र में CBSA ने 1,743 किग्रा कोकीन बरामद की है।


