अमेरिका की मॉली एम्मा एटकिन को मिलेगा कर्नल जेम्स-टॉड सम्मान:35,000 फीट ऊंचाई पर आपातकालीन प्रसव कराने वाले क्रू सदस्यों को मिलेगा पन्नाधाय सम्मान

महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउंडेशन के वर्ष 2026 के अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय अलंकरणों की घोषणा की गई है। ये सम्मान उन विशिष्ट व्यक्तित्वों को दिए जा रहे हैं, जिन्होंने अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देकर समाज, राष्ट्र और विश्व समुदाय को स्थायी मूल्य दिए हैं। अलंकरण समारोह के संयोजक डॉ. मयंक गुप्ता ने बताया- फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ की उपस्थिति में फाउंडेशन का 42वां अलंकरण समारोह 15 मार्च को सिटी पैलेस उदयपुर में आयोजित होगा। फाउंडेशन अब तक 41 वार्षिक समारोहों में देश-विदेश की 4,972 विभूतियों एवं मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर चुका है। इस बार अंतरराष्ट्रीय स्तर का कर्नल जेम्स टॉड सम्मान अमेरिका की डॉ. मॉली एम्मा एटकिन को दिया जाएगा। वहीं वर्ष 2017 में 35 हजार फीट की ऊंचाई पर आपातकालीन प्रसव कराने वाले जेट एयरवेज की फ्लाइट 9डब्ल्यू 569 केक्रू सदस्यों को सामूहिक रूप से इस वर्ष का पन्नाधाय सम्मान दिया जाएगा। कर्नल जेम्स टॉड सम्मान: इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय स्तर का कर्नल जेम्स टॉड सम्मान अमेरिका की डॉ. मॉली एम्मा एटकिन को दिया जाएगा। डॉ. एटकिन सिटी यूनिवर्सिटी ऑफ न्यूयॉर्क में कला इतिहास की एसोसिएट प्रोफेसर हैं। वे भारतीय लघुचित्र परंपरा, विशेषतः मेवाड़ एवं राजपूत दरबारी चित्रकला की अग्रणी विदुषी मानी जाती हैं। डॉ. एटकिन ने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी एवं कोलम्बिया यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की। भारत आकर राजस्थानी चित्रकला की परंपरा का अध्ययन किया। उनकी चर्चित कृति ‘दी इंटलीजेन्स ऑफ ट्रेडिशन इन राजपूत कोर्ट पेंटिंग’ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक सराहना मिली और प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। मेवाड़ की चित्रकला, साहिबदीन और चोखा जैसे सिद्धहस्त कलाकारों पर उनके शोध ने वैश्विक स्तर पर मेवाड़ की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दी है। कर्नल जेम्स टॉड अलंकरण के तहत दो लाख एक रुपए की राशि, तोरण, शॉल एवं प्रशस्ति पत्र भेंट किए जाएंगे। हल्दीघाटी सम्मान: इस वर्ष राष्ट्रीय स्तर का हल्दीघाटी सम्मान वरिष्ठ पत्रकार कमलेश किशोर सिंह को दिया जाएगा। डिजिटल पत्रकारिता में नवाचार, हिंदी पत्रकारिता को सशक्त दिशा प्रदान करने तथा नई पीढ़ी के पत्रकारों को मार्गदर्शन देने में उनका योगदान विशेष रूप से उल्लेखनीय है। महाराणा उदय सिंह सम्मान: इस वर्ष पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए मरिमुथु योगनाथन को महाराणा उदय सिंह सम्मान से सम्मानित किया जाएगा, जिन्हें देशभर में ‘ट्री मैन ऑफ इंडिया’ के नाम से जाना जाता है। कोयंबटूर में तमिलनाडु राज्य परिवहन निगम (टीएनएसटीसी) के बस परिचालक के पद पर कार्यरत रहते पर्यावरण आंदोलन और विकास के लिए आपकी यात्रा प्रेरणादायी है। इन्होंने पांच लाख से अधिक पौधे रोपे हैं, जिनमें से लगभग साढ़े तीन लाख वृक्ष आज भी जीवित हैं। पन्नाधाय सम्मान: निर्धारित दायित्व सीमा से ऊपर उठकर किए गए कार्य के लिए दिया जाने वाला इस वर्ष का पन्नाधाय सम्मान, वर्ष 2017 में 35,000 फीट की ऊंचाई पर आपातकालीन प्रसव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने वाले जेट एयरवेज की फ्लाइट 9डब्ल्यू 569 के समर्पित क्रू सदस्यों को सामूहिक रूप से दिया जाएगा। जेट एयरवेज की इस उड़ान के दौरान सीमित संसाधनों, चिकित्सकीय सुविधाओं के अभाव और अत्यंत चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में क्रू ने अद्भुत संयम, साहस और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। क्रू सदस्यों में ईशा जायकर, तेजस चव्हाण, मोहम्मद ताज हयात, कैथरीन वार्ष्णेय, सुष्मिता डेविड, एवं डेबोरा तावारेस ने मिलकर नवजीवन को सुरक्षित जन्म दिलाया। इसी बीच कॉकपिट में कैप्टन प्रणव छाबडिया और कैप्टन मार्टिन फेसानेक संकट के परिचालन संबंधी पहलू का प्रबंधन करते रहे हैं। यह घटना सेवा से परे जाकर कर्तव्य, करुणा और मानवीय उत्तरदायित्व का अद्वितीय उदाहरण बनी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *