लुधियाना| अमेरिका भेजने का झांसा देकर दो एजेंटों ने एक युवक के परिवार से 15 लाख रुपए हड़प लिए है। जब महीनों तक इंतजार के बावजूद न तो युवक को अमेरिका भेजा गया और न ही रकम वापस की गई तो ठगी का अहसास हुआ। उसके बाद पीड़ित परिवार ने थाना जमालपुर की पुलिस से शिकायत की। पीड़ित गुरदयाल सिंह निवासी सरपंच कॉलोनी, जमालपुर ने बताया कि वह अपने बेटे दिलप्रीत सिंह को विदेश भेजना चाहता था। इसी दौरान उसकी पहचान न्यू शक्ति नगर निवासी इंद्रप्रीत सिंह और हरियाणा के जिला हिसार के खारा खेड़ी गांव निवासी अजीत सिंह से हुई। दोनों ने खुद को इमिग्रेशन एजेंट बताते हुए बेटे को अमेरिका भेजने की जिम्मेदारी ली और सौदा तय कर अलग-अलग किस्तों में 15 लाख रुपए ले लिए। काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो कोई दस्तावेज बने और न ही वीजा लगा। जब गुरदयाल सिंह ने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने पहले टालमटोल की और बाद में साफ इनकार कर दिया। पुलिस ने प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए और दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 120-बी और इमिग्रेशन एक्ट की धारा 24 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।


