गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा में 10 फरवरी को जिला स्थापना दिवस पर आयोजित अरपा महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत पेंड्रा में 300 जोड़ों के सामूहिक विवाह समारोह में हिस्सा लिया और नवविवाहितों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने विभिन्न विभागीय स्टालों का अवलोकन भी किया तथा करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान सीएम ने विपक्ष पर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव हारने से विपक्ष की मानसिक स्थिति खराब हो गई है। सीएम ने विपक्ष पर साधा निशाना कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भ्रष्टाचार पर भी बात की। उन्होंने कहा, “भ्रष्टाचार के मामलों में कई लोग जेल में हैं, कई जमानत पर हैं और कई जेल जाने की तैयारी में हैं। हमारी सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।” मुख्यमंत्री ने पेंड्रा बाईपास के मुद्दे पर स्पष्ट किया कि राशि की कमी नहीं है, बल्कि भूमि अधिग्रहण में समस्या है, जिसे जल्द ही सुलझा लिया जाएगा। उन्होंने अरपा नदी के विकास और संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने का आश्वासन भी दिया। विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “विपक्षियों की मानसिक स्थिति खराब हो गई है। वे लगातार चुनाव हार रहे हैं।” 6 हजार जोड़ों का हुआ विवाह छत्तीसगढ़ सरकार ने पूरे प्रदेश में एक साथ 6414 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराकर एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है। इसे गोल्डन बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। इन विवाहों में 3 मुस्लिम, 123 ईसाई, 5 बौद्ध और 10 बैगा समुदाय के जोड़े शामिल थे। सभी विवाह रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुए, जिनमें विशेष रूप से 4 पूर्व महिला नक्सलियों का भी विवाह हुआ। इस दौरान कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव और मरवाही विधायक प्रणव मरपची भी मौजूद थे।


