जालंधर| अर्बन स्टेट फेज-2 में दिनदहाड़े झपटमारी की वारदात हुई। शंकर गार्डन निवासी राहुल नंदा अपनी पत्नी के साथ बाइक पर किसी काम से जा रहे थे, तभी पीछे से आए एक बाइक सवार ने अचानक उनकी पत्नी के गले से मंगलसूत्र खींच लिया और फरार हो गया। पीड़ित दंपति ने शोर मचाते हुए आरोपी का पीछा भी किया, लेकिन वह तेजी से मौके से निकल गया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। एएसआई सतिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। राहुल के बयान के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की पहचान के प्रयास जारी हैं।


