दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल अब तक इन्हें पकड़ चुकी है दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल गिरफ्तार आतंकी संगठन अलकायदा इन इंडियन सब कंटिनेंट (एक्यूआइएस) के संदिग्ध आरोपी शाहबाज अंसारी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर शनिवार को दिल्ली रवाना हो गई। उसे लोहरदगा के सेनहा थाना क्षेत्र स्थित चितरी गांव से गिरफ्तार किया गया था। दिल्ली पुलिस व झारखंड एटीएस की पूछताछ में शाहबाज ने बताया कि उसे अगस्त 2024 में उसके गांव का एनामुल अंसारी अपने साथ यह कहकर राजस्थान ले गया था कि वहां उसे जमात में शामिल कराएगा। उसने यह भी बताया कि वह अक्सर रांची व आसपास के क्षेत्रों के जमात में जाता था। इसलिए जमात के नाम पर एनामुल के कहने पर राजस्थान चला गया। एनामुल उसे राजस्थान के भिवाड़ी जिले के चौपानकी के पहाड़ी इलाके में संचालित आतंकी प्रशिक्षण कैंप में शामिल करा दिया। उसे हथियार चलाने का प्रशिक्षण मिला। वह बड़े हथियार से फायरिंग करता था और छोटे हथियार से भी निशाना साधने का प्रशिक्षण लेता था। वहां कई तरह के हथियार थे, जिससे आतंकी प्रशिक्षण दिलाया जाता था। गिरफ्तार शाहबाज ने रांची के चान्हो स्थित गांव के मदरसा में कक्षा तीन तक ही पढ़ाई की है। उसने दिल्ली पुलिस व एटीएस को पूछताछ में बताया कि पिछले साल अगस्त में जब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने छापेमारी की थी और उसे तलाशना शुरू किया था तो वह चान्हो से भागकर लातेहार के महुआडांड़ में छिप गया था। वहां जाकर वह राजमिस्त्री का काम करने लगा था, ताकि उसपर कोई संदेह नहीं करे। उसने बताया कि वह शादीशुदा है। वह पांच भाई व दो बहनों में सबसे छोटा है। उसे दो बच्चे हैं। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अबतक बरियातू के जोड़ा तालाब रोड के अल हसन रेसिडेंसी निवासी डॉ. इश्तियाक अहमद, हजारीबाग के लोहसिंघना का फैजान अहमद, रांची के चान्हो थाना क्षेत्र के बलसोकरा का मोहम्मद मोदब्बीर, चान्हो के रिजवान, चान्हो के चटवल का मुफ्ती रहमतुल्लाह मजाहिरी, पिपराटोली का मतिउररहमान, लोहरदगा के कौवाखाप हेंजला का इलताफ, चान्हो के पकोरियो का एनामुल अंसारी और शाहबाज को गिरफ्तार किया है।


