अलवर शहर के गोल्डन बाग रिसोर्ट में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक के लाठी-डंडो पैर तोड़ दिए। हमले में बंटी शर्मा को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने अरावली विहार थाने में रिपोर्ट दी है, लेकिन पुलिस ने मामला दूसरे थाने के बताकर वहां से भेज दिया। युवक का आरोप है कि पुलिस इलाका तय नहीं कर पा रही है। अरावली विहार थाना पुलिस का कहना है कि यह मामला सदर थाना इलाके का है। घायल युवक ने बताया कि करीब एक साल पहले उनके पिता और पड़ोसियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद से दोनों पक्षों में लगातार विवाद चला आ रहा है। बंटी के अनुसार, इसी रंजिश के चलते लगभग छह महीने पहले आरोपियों ने उसकी कार में भी तोड़फोड़ की थी, जिसकी शिकायत उसने पुलिस में की थी, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित बंटी शर्मा ट्रैवलिंग का काम करता है। बताया कि वह गुरूवार देर शाम गोल्डन बाग इलाके में काम के सिलसिले में गया था। इसी दौरान तीन युवक पवन, पीतु और पोणा वहां पहुंचे और अचानक उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने बंटी को बुरी तरह पीटा, जिससे उसके हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही गिर पड़ा। आस-पास के लोगों की मदद से परिजनों को सूचित किया और घायल अवस्था में बंटी शर्मा को अलवर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। थाने में मामला दर्ज नहीं हुआ है।


