अलवर में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे एक परिवार का रोडवेज बस से 30 लाख रुपए कीमत की ज्वेलरी से भरा बैग पार हो गया। पीड़ित परिवार ने बस में चढ़ी दो महिलाओं पर चोरी का शक जताया है। घटना 18 फरवरी को दोपहर 3.15 बजे की है। फिलहाल कोतवाली पुलिस ने परिवार की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दूसरी तरफ परिवार के लोग भी अपने स्तर पर महिलाओं की तलाश में जुट गए हैं। कोठी नारायणपुर से अलवर के लिए रोडवेज बस में सवार हुआ था पीड़ित रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ित पंकज निवासी रैणी अलवर अपनी पत्नी और भाभी के साथ कोठी नारायणपुर से अलवर के लिए रोडवेज बस में सवार हुआ था। उनके पास एक बड़ा बैग था, जिसके अंदर एक छोटा बैग रखा था। उसी छोटे बैग में पत्नी और भाभी के शादी के जेवर रखे हुए थे। बस में भीड़ होने के कारण बड़ा बैग कंडक्टर की सीट के नीचे रख दिया गया और वे पास में खड़े हो गए। लेकिन, कुछ देर बाद बस में दो महिलाएं चढ़ीं। आरोप है कि भीड़ का फायदा उठाकर उन्होंने बड़े बैग के अंदर से छोटा बैग निकाल लिया और अलवर शहर के कालीमोरी क्षेत्र में उतरकर फरार हो गई। अलवर बस स्टैंड पर उतरा तो चोरी का पता चला अलवर बस स्टैंड पर उतरने के बाद जब परिवार बच्चों के लिए सामान निकालने के लिए बैग खोलने लगा, इस दौरान जेवरों वाला छोटा बैग गायब मिला। कंडक्टर से पूछताछ की गई, लेकिन किसी कोई पता नहीं चला कि बैग कब और किसने निकाला। पीड़ित के अनुसार, बैग में चार सोने के हार, छह सोने की अंगूठियां, दो जोड़ी झुमकी, तीन जोड़ी पाजेब, लोंग और चुटकी सहित करीब 18 तोला सोना और 700 ग्राम चांदी थी। घटना के बाद पीड़ित पहले कोठी नारायणपुर चौकी पहुंचा, जहां से उसे अलवर शहर के कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह दी गई। बाद में उसने कोतवाली थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध महिलाओं की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।


