राज्य सरकार के रिव्यू बजट में अलवर व बहरोड़ के मांढ़ण में कन्या महाविद्यालय खोलने की बड़ी घोषणा की गई है। कोटकासिम में आईटीआई को भवन निर्माण होगा। वहीं रामगढ़ व गोविंदगढ़ में दो बड़ी रोड़ बनाने का बजट मंजूर किया गया है। वित्त मंत्री दिया कुमारी ने रिव्यू बजट में अलवर शहर और बहरोड़ के मांढ़ण में नवीन कन्या महाविद्यालय खोलने की घोषणा की है। शहर के बुधविहार में आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाया जाएगा। रामगढ़ में जालूकी चौराहे से सीकरी वाया गोविंदगढ़ 14 किलोमीटर की सड़क चौड़ाइकरण के लिए 21 करोड़ रुपए, रामगढ़-गोविंदगढ़ रोड ग्राम चिडवाई से बडौदामेव वाया जयसिंहपुरा चौलाइबास सड़क चौड़ाइकरण के लिए 14 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। तिजारा टोल टैक्स से कृषि उपज मंडी तिजारा वाया बस स्टैंड तिजारा सड़क चौड़ाईकरण के लिए 26 करोड़ रुपए, खेड़ी खरखड़ी हरियाणा सीमा तक सड़क चौड़ाइकरण के लिए 7 करोड़ रुपए, माजरी भांडारोड होते हुए सरूपसराय होते हुए पदमाड़ा कला तक डेढ़ करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। नीमूचाना, कराणा कुंडली चैनपुरा सड़क चौड़ाइकरण के लिए 20 करोड़ 25 लाख रुपए मंजूर किए हैं। इसके अलावा बानसूर के महनपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खुलेगा। गोविंदगढ़ व नारायणपुर के अस्पताल में बेड क्षमता को बढ़ाया जाएगा।


