कांकेर| कलेक्टर महादेव क्षीरसागर के निर्देश एवं जिला शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार निषाद के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न विद्यालयों में अध्ययनरत 442 अल्पदृष्टि बाधित बच्चों को चश्मा वितरित किया गया। समावेशी शिक्षा अंतर्गत विकासखंड स्तर पर बीआरपी और स्पेशल एजुकेटर के सहयोग से आयोजित आकलन शिविरों में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा बच्चों की आंखों की जांच कर नंबर निर्धारित किए गए। जिन बच्चों की जांच शिविर में नहीं हो सकी, उनका परीक्षण जिला चिकित्सालय में कराया गया। चश्मा मिलने से अब ये बच्चे आसानी से पढ़-लिख सकेंगे और दैनिक कार्य कर पाएंगे। भानुप्रतापपुर की कक्षा 10वीं की छात्रा सोनिका भंडारी सहित अन्य विद्यार्थियों ने खुशी जताते हुए कहा कि अब बोर्ड परीक्षा की तैयारी में कोई परेशानी नहीं होगी। पालकों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।


