भास्कर न्यूज | बीजापुर रजा यूनिटी फाउंडेशन ने राज्यपाल व मुख्यमंत्री के नाम डिप्टी कलेक्टर उत्तम सिंह पंचारी को ज्ञापन सौंपकर प्रदेश में अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़ी हाल में हुई घटनाओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में उन्होंने कहा कि प्रदेश में हाल में अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े लोगों के खिलाफ घटनाएं हुई हैं, जिनसे प्रदेश में भय, असुरक्षा और सामाजिक तनाव के हालात पैदा हो गए हैं। उन्होंने बताया कि राजिम के दुतकैया में कुछ परिवारों के घरों में आग लगाकर उनसे मारपीट, राजिम मेले में एक अल्पसंख्यक समुदाय के व्यक्ति के साथ कथित अभद्र व्यवहार, देवबलौदा क्षेत्र में समुदाय विशेष के व्यक्ति को धमकाने व प्रताड़ित करने, दुर्ग जिले के ग्राम जंजगीरी में मुस्लिम समुदाय के शव दफनाने के विवाद और भिलाई क्षेत्र में सामुदायिक भवन को लेकर तनावपूर्ण माहौल जैसी घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं की निष्पक्ष व उच्च स्तरीय जांच करने के साथ ही दोषियों पर कड़ी कार्रवाई, प्रभावित परिवारों व समुदाय को सुरक्षा, जरूरी मदद व मुआवजा देने, भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने प्रभावी कदम उठाने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने शांति व समन्वय बैठक आयोजित करने की मांग फाउंडेशन के सदस्यों ने की है। इस दौरान सरफराज अंसारी, शाहिद आलम, मो. हाफिज अली, मो. खालिक अहमद, फैजल हाशमी, मोईन खान, फैजान रजा अंसारी, नौशाद खान, इरफान खान, इमरान खान सहित अन्य मौजूद थे।


